Weather Update: उत्तर भारत में सर्द सुबह का अनुभव; राजस्थान में तापमान गिरा | भारत समाचार

जयपुर: उत्तर भारत में सुबह की ठंडक बनी हुई है और कुछ राज्यों में न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान जैसे राज्यों में शनिवार (21 जनवरी) सुबह न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने कहा कि दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि सुबह 8:30 बजे आर्द्रता 91 प्रतिशत दर्ज की गई। इसने शेष दिनों में मुख्य रूप से आसमान साफ रहने और अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, सुबह नौ बजे समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 221 (खराब) दर्ज किया गया।
इस बीच, पंजाब और हरियाणा में ठंड का असर जारी है और हिसार इस क्षेत्र में सबसे ठंडा स्थान है। मौसम कार्यालय की रिपोर्ट के अनुसार, हरियाणा के हिसार में न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग तीन डिग्री कम है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली शीतलहर: घने कोहरे के कारण IGI एयरपोर्ट पर कई उड़ानें लेट, एडवाइजरी जारी
अंबाला में न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस जबकि करनाल में 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नारनौल, रोहतक, भिवानी और सिरसा में क्रमश: 4.5 डिग्री सेल्सियस, 6.6 डिग्री, 5.6 डिग्री और 6.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पंजाब के बठिंडा में रात का तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अमृतसर में न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस जबकि लुधियाना में 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटियाला, पठानकोट, फरीदकोट और गुरदासपुर में रात का तापमान क्रमश: 5.3 डिग्री सेल्सियस, 6.5 डिग्री, 5.5 डिग्री और 5 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के एक प्रवक्ता ने कहा कि राजस्थान के बीकानेर और जयपुर संभाग के जिलों में पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। करौली राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, इसके बाद पिलानी का तापमान 3.9 डिग्री रहा।
सिरोही में न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री, चूरू में 4.6 डिग्री, सीकर में 5 डिग्री, फतेहपुर में 5.7 डिग्री और धौलपुर में 6.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
जयपुर में न्यूनतम और अधिकतम तापमान क्रमश: 8.3 डिग्री और 21.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजस्थान के अधिकांश अन्य स्थानों पर न्यूनतम तापमान 6 से 12 डिग्री के बीच दर्ज किया गया।
(एजेंसी इनपुट्स के साथ)